हरदोई। दक्षिण भारत के मंदिरों की यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। वह स्थानीय स्टेशन से तीर्थ यात्रा को जाने वाली ट्रेन से यात्रा कर सकेंगे। ट्रेन का स्थानीय स्टेशन पर भी स्टॉपेज दिया गया है।
इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन की ओर से योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का दक्षिण भारत यात्रा के लिए संचालन किया जा रहा है। इस यात्रा में रामेश्वरम-मीनाक्षी मंदिर (मदुरै), कन्याकुमारी, तिरूपति बालाजी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। योग नगरी ऋषिकेश से चलकर ट्रेन हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मानिकपुर, सतना आदि स्टेशन पर रुकेगी। यात्री यहां से ट्रेन पर चढ़ व उतर सकते हैं।
यात्रा 31 जुलाई से शुरू होगी जो 11 अगस्त को समाप्त होगी। आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि इस पैकेज में दो एसी, तीन एसी एवं स्लीपर क्लास यात्रा, नाश्ता एवं दोपहर व रात्रि का शाकाहारी भोजन, एसी/नॉन एसी बसों द्वारा स्थानीय भ्रमण शामिल हैं। इसके लिए इस पैकेज की बुकिंग पहले आओ पहले पाओ के आधार पर की जाएगी।