हरदोई। खाद्य पदार्थों में मिलावट की पुष्टि पर सात कारोबारियों पर प्रशासन ने कार्रवाई का शिकंजा कसा। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव ने वादों की सुनवाई और प्रयोगशाला की रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि पर कारोबारियों पर 8.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। कारोबारियों को 30 दिन के अंदर जुर्माना जमा किए जाने के आदेश दिए। समय से रुपये जमा न किए जाने पर बकाया राजस्व की भांति वसूली की चेतावनी दी।
खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों की आमजन को बिक्री के लिए निरीक्षण किए जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से सैंपलिंग की जाती है। विभाग की तरफ से मिलावटखोरी पर खाद्य कारोबारियों पर एडीएम न्यायालय में वाद दाखिल किए गए थे। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त कुमार गुंजन ने बताया कि मिलावट की पुष्टि पर एडीएम ने जुर्माना लगाया है। इसमें कारोबारी कमलेश कुमार गुप्ता निवासी पाली के मोहल्ला मिर्जा मेहंदी शरीफ पर 1,10,000, जहानीखेड़ा के मेसर्स किराना स्टोर के संचालक राजेंद्र कुमार, कमलेश कुमार निवासी मनिकापुर पर 75,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
बताया कि लखनवी कबाब प्रतिष्ठान के संचालक मो. जुनैद निवासी खेड़ाटांडा, अजीमनगर, रामपुर पर 75,000, शाहाबाद के मोहल्ला इब्नेजई निवासी धर्मेंद्र गुप्ता पर 1,50,000, रामपुर के सिविल लाइन के रोशनबाग इंडस्ट्रियल एरिया के फॉरएवर पर 40,000, पिहानी के मोहल्ला मीर सराय निवासी विपिन पर 90,000 रुपये, शाहाबाद के मोहल्ला जमालिया निवासी मुर्गा मीट विक्रेता जीशान पर 75,000 रुपये और सीतापुर जनपद के कमलापुर के भड्डर निवासी मोहित कुमार, नीमसार के अटका निवासी नीरज यादव और संजीव कुमार यादव पर 3,40,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।