प्रदर्शन करते भारतीय रिपब्लिकन पार्टी के कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
ग्राम प्रधानों का मानदेय बढ़ाकर 15 हजार रुपये मासिक करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय रिपब्लिकन पार्टी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेेट परिसर में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में मांगों को अविलंब पूरा कराने की मांग की गई है। प्रदर्शन के दौरान भारतीय रिपब्लिकन पार्टी के जिलाध्यक्ष बाबू लाल गौतम ने कहा कि पिछड़ी जाति के उम्मीदवारों को विधायकाें व सांसदों के निर्वाचन में आरक्षण ग्राम पंचायत व जिला पंचायत की तर्ज पर दिया जाए।
ग्राम प्रधान को मानदेय 15 हजार रुपये व पेंशन एवं जनता से निर्वाचित अन्य सदस्यों को मानदेय व भत्ता दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दोहरी शिक्षा नीति व शिक्षा का व्यवसायीकरण समाप्त कर पूरे प्रदेश में समान शिक्षा नीति लागू की जाए। सरकारी व अर्द्धसरकारी कर्मचारियों व राजनेताओं के बच्चाें को भी परिषदीय स्कूलों में पढ़ने के लिए राजाज्ञा जारी की जाए।
पार्टी के मंडल उपाध्यक्ष रमेश कुमार गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में कार्यरत मजदूरों को 100 दिन काम के बजाए 365 दिन काम दिया जाए। उनकी मजदूरी 161 रुपये के बजाए पांच सौ रुपये प्रतिदिन दिया जाए। ज्ञापन में इसके अलावा विधवा, वृद्वावस्था, विकलांग पेंशन प्रतिमाह एक हजार रुपये दिलाए जाने, शिक्षित बेरोजगारों को छह हजार रुपये प्रतिमाह भत्ता दिलाए जाने की मांग भी उठाई गई। इस मौके पर विश्राम कश्यप, जगपाल यादव, सरोज कुमार गौतम, संतोष कुमार, उमाशंकर वर्मा आदि मौजूद रहे।