हरदोई। टोडरपुर में निर्माणाधीन बीज गोदाम के लिंटर का जाल गिरने के मामले की जांच के लिए डीएम अविनाश कुमार ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। टीम को सात दिन के अंदर जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
टोडरपुर में बीज गोदाम का निर्माण 80 लाख 14 हजार रुपये से कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश श्रम एवं निर्माण सहकारी संघ है। निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी और हीलाहवाली के के चलते मंगलवार की रात लिंटर के लिए बांधा गया सरियों का जाल निर्माण सामग्री डालते ही गिर गया था।
इसमें चार मजदूर चुटहिल हो गए थे। इस मामले की जांच कराने के आदेश डीएम अविनाश कुमार ने दिए हैं। डीएम ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र चौधरी, उपनिदेशक कृषि डॉ. आशुतोष मिश्रा और अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रथम मायाशंकर यादव की टीम गठित की गई है।
एक सप्ताह के अंदर विस्तृत जांच रिपोर्ट देने को कहा गया है। इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री का परीक्षण कराने के निर्देश भी डीएम ने दिए हैं।