हरदोई। कार से उतरकर बंपर ठीक कर रहे व्यापारी को दूसरी कार ने इतनी जोर की टक्कर मारी कि वह बीस मीटर तक घिसटता चला गया। इससे उसकी मौत हो गई। टक्कर मारने वाली कार का चालक गाड़ी समेत मौके से भाग निकला। घटना शनिवार को लखनऊ पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। व्यापारी परिवार के साथ पारिवारिक वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।
शाहजहांपुर के रौजा कस्बा के आदर्श नगर काॅलोनी निवासी बाबूराम (50) कोल्हू कारखाना चलाते थे। उनका ननिहाल टड़ियावां थाना क्षेत्र के पंडितपुरवा गांव में है। बाबूराम के मामा सरजू प्रसाद की पोती आयुषी गुप्ता की शादी शुक्रवार को थी। शादी में शामिल होने के लिए बाबूराम परिवार समेत कार से हरदोई आ रहे थे। लखनऊ पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर देहात कोतवाली क्षेत्र में चरौली पुलिया के पास अचानक छुट्टा मवेशी सड़क पर आ गया। कार छुट्टा मवेशी से टकरा गई और बंपर क्षतिग्रस्त हो गया।
बाबूराम कार से उतरकर बंपर देखने लगे। इसी दौरान पीछे से आई कार ने उन्हें टक्कर मार दी। परिजनों की सूचना पर रिश्तेदार और पुलिस मौके पर पहुंची। शव को मेडिकल कालेज की मोर्चरी में रखवाने के बाद शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।