हरदोई। निकायों और गांवों के विकास के लिए शासन ने खजाना खोल दिया है। राज्य वित्त आयोग की मद में शासन ने जिले के लिए करीब 22 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इन रुपयों से जनसुविधाओं से जुड़े कामों के साथ ही जनप्रतिनिधियों के मानदेय का भुगतान कराया जा सकेगा। शासन ने निकायों और पंचायतों के लिए बजट जारी कर दिया है।
नगरीय निकायों के साथ ही ग्राम, क्षेत्र और जिला पंचायत की ओर से जनसुविधा के कामों को कराया जाता है। शासन ने पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों पर चालू वित्तीय वर्ष में नवंबर माह में बजट जारी किया है। पंचायतीराज विभाग की ओर से जिले की 1,293 ग्राम पंचायत, 19 क्षेत्र पंचायत और एक जिला पंचायत को करीब 20,00,00,000 रुपये जारी किए हैं। वहीं, नगर विकास अनुभाग की ओर से नगरीय निकायों को करीब 2,00,00,000 रुपये जारी किए गए हैं। बताया गया कि राज्य वित्त आयोग की मद में मिलने वाले रुपयों से पंचायत और नगरीय निकायों की ओर से कार्ययोजना तैयार कर काम कराए जाने की व्यवस्था है। राज्य वित्त आयोग की मद से कराए जाने वाले कामों की कार्ययोजना को ऑनलाइन भी पोर्टल पर फीड कराया जाता है।
जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि राज्य वित्त आयोग की मद में अब शासन की ओर से सीधे पंचायतों को रुपये आवंटित किए जाते हैं। शासन की ओर से किस्त जारी किए जाने की जानकारी है। जिले को करीब 20,00,00,000 रुपये प्राप्त हुए हैं। काम कराए जाने के लिए कार्ययोजना भी पंचायतों की ओर से पहले से ही तैयार करा ली जाती है। भुगतान का विवरण भी पोर्टल पर फीड किए जाने की व्यवस्था है।