पिहानी। कोतवाली क्षेत्र में स्कूटी सवार चचेरे भाई-बहन को मंगलवार दोपहर वैन ने टक्कर मार दी। घटना में बहन की मौके पर ही मौत हो गई। भाई मामूली रूप से चोटिल हुआ। घटना के बाद चालक वैन समेत मौके से भाग निकला।
हुल्लापुरवा मजरा सरेहंजू निवासी रामवीर जनसेवा केंद्र चलाते हैं। उनकी बेटी कोमल (14) पिहानी के ताहिर पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा थी। बताया कि चचेरे भाई जितिन कुमार (18) के साथ स्कूल से स्कूटी पर सवार होकर वह गांव वापस जा रही थी। सल्लिया मार्ग पर महोलिया खेड़ा के पास पीछे से आई वैन ने स्कूटी में टक्कर मार दी।
घटना में कोमल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मामूली रूप से घायल जितिन को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी से छुट्टी दे दी गई। मृतका तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। घटना का पता चलने पर मां जशोदा बदहवास हो गईं। कोतवाल छोटेलाल ने बताया कि घटना संज्ञान में है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।