हरदोई। सांडी के रौरा गांव में सोमवार को पांडेय क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत रोमांच और उत्साह के बीच हुई। ब्लॉक प्रमुख ने टूर्नामेंट की शुरुआत करने के साथ खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। पहला मैच सांडी और सवायजपुर की टीम के बीच हुआ। इसमें सवायजपुर सहारा की टीम ने सात रनों से जीत हासिल की। टीम के खिलाड़ी शाहबाज के प्रदर्शन को जमकर सराहा गया।
पांडेय क्रिकेट टूर्नामेंट के सातवें सीजन की शुरुआत ब्लॉक प्रमुख अनिल राजपूत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने कहा कि गांवों में हुनर की कमी नहीं है, बस उन्हें सही अवसर और दिशा की दरकार है। उन्होंने बल्ले से शॉट लगाकर खेल की औपचारिक घोषणा की। मैच की शुरुआत में सवायजपुर सहारा के कप्तान गोले ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। हालांकि, टीम की शुरुआत धीमी रही लेकिन शाहबाज ने 17 रन, बटनी ने 13 रन और शिवांश ने 11 रन की पारी खेल कर टीम को 14.1 ओवर में 93 रन के स्कोर तक पहुंचाया।
सांडी की तरफ से गोले और लालजी ने तीन-तीन विकेट लिए। 94 रन बनाने उतरी सांडी की टीम की शुरुआत खराब रही। कप्तान आकाश तिवारी के निर्देशन में सौरभ ने 19 और विशाल ने 15 रन बनाकर पारी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन सवायजपुर सहारा के शाहबाज ने तीन विकेट लेकर मैच टीम को 14.2 ओवर में 86 रन पर ढेर कर दिया। शानदार प्रदर्शन पर शाहबाज को मैन ऑफ द मैच दिया गया। अंपायरिंग आशीष पांडेय, हिमांशु पांडेय, विकास मिश्रा और दीपक पांडेय ने की। कमेंट्री प्रशांत द्विवेदी और प्रेम पांडेय चंदू ने और स्कोरिंग चंचल ने की। यहां प्रधान श्रीपाल फौजी, श्यामू मिश्रा, आनंद सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।