हरदोई। बरसात के बाद लोक निर्माण विभाग ने मार्गों को दुरुस्त कराने और नवीनीकरण पर ध्यान दिया है। शासन ने भी मार्गों को बनवाए जाने और मरम्मत के लिए खजाना खोल दिया है। संडीला-बेनीगंज मार्ग को 4.16 करोड़ रुपये से दुरुस्त करा दिया गया है। मार्ग के दुरुस्त होने से राहगीरों को आवागमन में सुविधा और सहूलियत हो गई है।
सीतापुर मार्ग पर प्रतापनगर चौराहे से बेनीगंज-संडीला मार्ग की लंबाई 29.43 किलोमीटर है। इस मार्ग को इन दिनों राहगीर लखनऊ जाने और आने के लिए उपयोग में ला रहे हैं। लखनऊ-हरदोई मार्ग के चौड़ीकरण के काम के कारण अधिकतर लोग निजी वाहन से लखनऊ जाने के लिए प्रतापनगर होते हुए भरावन, माल मार्ग से सफर तय कर रहे हैं। यह मार्ग लखनऊ के साथ ही नैमिषारण्य, सीतापुर और जिला मुख्यालय को जोड़ता है।
बरसात के बाद लोक निर्माण विभाग ने क्षतिग्रस्त मार्ग को चार करोड़, 16 लाख रुपये से दुरुस्त कराने का दावा किया है। शासन ने काम होने के साथ ही दूसरी किस्त के भी 84 लाख, 43 हजार रुपये भी जारी कर दिए हैं। मार्ग के बन जाने से करीब 50 हजार राहगीरों का सफर आसान हो गया है। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता एसके मिश्रा ने बताया कि मरम्मत का काम पूरा करा लिया गया है।