ग्राम रावल में मोर के शव का पोस्टमार्टम करते फार्मासिस्ट कपिल शुक्ला।
- फोटो : HARDOI
टड़ियावां(हरदोई)। ग्राम रावल में गुरुवार को तीन मोर संदिग्ध परिस्थितियों में मरे मिले। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। मोरों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम रावल से कुछ दूरी पर गुरुवार की सुबह बहोरवा मार्ग पर अरविंद चौरसिया के खेत में तीन मोरों के शव पड़े मिले। प्रधान कन्हैया लाल ने इसकी सूचना डीएफओ रमेश चंद्रा व पुलिस को दी। सूचना मिलने पर रेंजर रत्नेश श्रीवास्तव व वन दरोगा सुशील कुमार सिंह एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। वेटनरी फार्मासिस्ट कपिल शुक्ला को मौके पर बुलाकर तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। फार्मासिस्ट कपिल शुक्ला ने बताया कि मोरों की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। संभवत: तीनों मोरों की मौत जहरीला पदार्थ खाने के कारण हुई है। पुलिस व ग्राम प्रधान ने गोमती नदी के किनारे तीनों का अंतिम संस्कार कराया।
टड़ियावां एसओ शिव शंकर सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।