हरदोई। देहात कोतवाली के पलिया गांव में शनिवार को युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसकी लाश घर में चारपाई पर मिली। छह मई को युवती की बारात आनी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर पुलिस ने बिसरा सुरक्षित किया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पलिया निवासी प्यारे लाल की बेटी विमला (20) पांच बहनों में तीसरे नंबर की थी। प्यारे लाल ने उसकी शादी कोतवाली क्षेत्र के ही पोखरी गांव में तय की थी। मार्च में उसका तिलक चढ़ा आए थे, छह मई को उसकी बारात आनी थी। शनिवार देर शाम वह घर में चारपाई पर मृत अवस्था में मिली।
मृतक के पिता प्यारेलाल के अनुसार वह बेटी की शादी की तैयारियों में लगा था। इसके चलते वह सुबह घर से चला गया था। शाम करीब 7 बजे उसे फोन पर घटना की सूचना मिली थी। मृतका की मां के अनुसार शाम को वह किसी काम से पड़ोसी के यहां गई थीं।
इस दौरान विमला और उससे छोटी बेटी मुन्नी को घर पर छोड़ आई थी। उसका कहना है कि विमला को पिछले तीन दिनों से उल्टी-दस्त आ रही थी। वह काफी बीमार थी। इसी के चलते उसकी मौत हो गई। बताया कि छोटी बेटी ने ही विमला के चारपाई पर बेहोशी की हालत में लेटे होने की जानकारी उसे पड़ोसी के घर आकर दी थी।
जब वह पहुंची तब तक विमला की मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार जहर खाने से युवती की मौत हुई है। कोतवाल हीरालाल ने बताया कि संदिग्ध हालात में युवती की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण बिसरा सुरक्षित किया गया है। बताया विसरा जांच के लिए लखनऊ के विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी।