बघौली। ठेका पर मुफ्त में शराब न देने पर गांव के कुछ लोगों ने सेल्समैन, उसकी पत्नी व बेटे को पीट दिया। सेल्समैन की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान के प्रतिनिधि समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बघौली थाने के विक्टोरिया गंज निवासी शिवकुमार पुत्र भगौती प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह गांव के शराब ठेके का सेल्समैन है। शनिवार की रात वह ठेके पर था, उसी बीच गांव निवासी अल्लन उससे मुफ्त में शराब मांगने पहुंच गया। मना करने पर वह गाली-गलौज करने लगा। ठेका बंद करने के बाद जब वह अपने घर के पास पहुंचा तो अल्लन और उसके भाई अतीक अहमद, एखलाक, अल्ताफ और तुषार ने उसे रोका और मारपीट करने लगे। वह बचाव के लिए अपने घर की तरफ भागा, तो उसकी पत्नी लक्ष्मी और बेटे आयुष को भी पकड़कर पिटाई की। शोर सुन कर गांव के लोग पहुंचे, उसी बीच हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस ने अल्लन, उसके भाई व प्रधान प्रतिनिधि अतीक अहमद के अलावा एखलाक,अल्ताफ व तुषार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। मामले की जांच एसआई कैलाश नाथ यादव को सौंपी गई है।
प्रधान बोले : सियासी रंजिश का नतीजा
बघौली। विक्टोरिया गंज के प्रधान के प्रतिनिधि अतीक अहमद ने बताया कि सियासी रंजिश के चलते शराब ठेके पर हुए झगड़े में उनका नाम शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ पता ही नहीं है कि क्या हुआ और तहरीर में उनका नाम दे दिया गया। कहा कि उन्हें पुलिस की जांच पर भराेसा है और पुलिस को जांच में पूरा सहयोग देंगे।