संडीला। समाजसेवी व सेवानिवृत्त कर्नल आदित्य प्रताप सिंह ने सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भभूती सिंह की स्मृति में दिव्यानंद डिग्री कॉलेज में शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें मुख्य अतिथि कॉमन वेल्थ गेम्स की रजत पदक विजेता स्वाति सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में सचिन, अभिषेक और आदर्श अव्वल रहे।
स्वाती सिंह ने कहा कि खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर युवा भविष्य सुधार सकते हैं। सरकार भी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद की गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। कर्नल आदित्य प्रताप सिंह ने कहा कि शूटिंग ऐसा खेल है, जो मन एकाग्र करने के साथ ही स्थिरता भी लाता है। अंडर 14, अंडर 19 व अंडर 25 आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए आयोजित प्रतियोगिता में 250 प्रतिभागी शामिल रहे।
बच्चों के लिए एयर पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता हुई। अंडर 14 प्रतियोगिता में सचिन गौतम प्रथम, आदर्श शर्मा द्वितीय व आयुष श्रीवास्तव तृतीय रहे। अंडर 19 प्रतियोगिता में अभिषेक ने पहला, मानस सिंह ने दूसरा व अंकीय वर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर 25 आयु वर्ग में आदर्श ने पहला, अमर गुप्ता ने दूसरा व शिवम सिंह ने तीसरा स्थान पाया।
मुख्य अतिथि व आयोजक ने विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस मौके पर सभासद राम जी दोसर, ब्लॉक प्रमुख कुंवर वीरेंद्र सिंह, पूर्व चेयरमैन शैलेश अग्निहोत्री, प्रेम बाबा, सुधांशु, देश राज, जय प्रकाश पांडेय व सैनिक स्कूल के रजिस्ट्रार उदय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।