हरदोई। लखनऊ में बीते सोमवार को हुए अग्निकांड के बाद जिले के सभी कोचिंग संस्थानों का सुरक्षा ऑडिट कराने का निर्णय लिया गया है। शासन स्तर से कोचिंग सेंटरों की सूची तलब की गई है। यूं तो जिले में तकरीबन 500 कोचिंग चल रही हैं लेकिन इनमें से 59 कोचिंग ही पंजीकृत हैं।
सुरक्षा ऑडिट के दौरान अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जाएगी। कोचिंग परिसर में उपलब्ध आपातकालीन निकास, फायर एनओसी और बेसमेंट में संचालन को लेकर जानकारी ली जाएगी। शिक्षा विभाग में 59 कोचिंग संस्थान ही पंजीकृ़त हैं। इनकी सूची फिलहाल तैयार कर शासन को भेजी जा रही है।
इन बिंदुओं की होगी जांच
-बेसमेंट में नियमों के विरुद्ध क्लास या लाइब्रेरी का संचालन।
-आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम और वेंटिलेशन की व्यवस्था।
-छोटे हॉल में क्षमता से ज्यादा बच्चों को बिठाना।
-आवागमन के मार्ग।
जिला स्तर पर कोचिंग की जांच के लिए टीम बनी है। उसके माध्यम से जांच की जा रही है। जो सूचनाएं मांगी जा रही हैं। उसको भेज दिया गया है। मानकविहीन कोचिंग संचालित मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। -डाॅ. अरविंद कुमार पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक