कस्बे की अनाज मंडी में फसल बेचकर अपने गांव नौअरी लौट रहे किसान को बदमाशों ने रामघाट रोड पर रोक लिया और उनके पास मौजूद रुपये लूटकर भाग निकले। इसके बाद स्थानीय लोगों ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को पकड़कर मारपीट की और पुलिस के हवाले कर दिया है। पीड़ित किसान ने कोतवाली में तहरीर दी है।
गांव नौअरी निवासी किसान कन्ही सिंह के अनुसार उन्होंने बुधवार को अतरौली की अनाज मंडी में 19 हजार रुपये में मक्का बेचा था। रुपये लेकर वह गांव लौट रहे थे। पैंठ चौराहे से गांव जाने के लिए ई रिक्शा में बैठ गए। ब्लॉक के पास पहुंचते ही पीछे आए बाइक सवारों ने रोककर कहा कि हिसाब के पर्चे में गड़बड़ी है। साथ में वापस मंडी चलो। इस पर वह ई रिक्शा से उतरकर उनकी बाइक में बैठ गए।
बाइक सवार उन्हें मंडी न ले जाकर ब्लॉक के सामने वाली गली में ले गए और मारपीट कर 19 हजार रुपये छीनकर भाग निकले। कन्हीं सिंह के शोर मचाने पर स्थानीय लोग पहुंच गए। कन्हीं सिंह ने मंडी में पहुंचकर आढ़तियों को जानकारी दी। आढ़ती व अन्य लोग कन्हीं सिंह को लेकर पुन: उसी स्थान पर पहुंचे। वहां पर रेकी करने के शक में एक व्यक्ति को पकड़ लिया और मारपीट कर पुलिस को सौंप दिया। कन्हीं सिंह ने बताया कि हाल ही में उनकी बेटी की शादी है। शादी में खरीदारी के लिए उन्होंने मक्का बेची थी। सीओ शिवप्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। प्रकरण की जांच की जा रही है।
दिनदहाड़े महिला के कुंडल लूटकर भागे बदमाश
बुधवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे नहरा गांव में माइनर की पटरी पर बेर के बाग की रखवाली कर रही बुजुर्ग महिला के कान के कुंडल नोचकर बाइक सवार बदमाश भाग निकले। पीड़ित की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।
गांव दुनाई निवासी 60 वर्षीय शकुंतला देवी पत्नी सुखराम गांव नहरा निवासी प्रेमपाल शर्मा के बेर के बाग की रखवाली कर रही थीं। वह माइनर की पटरी पर बैठी थीं, तभी काले रंग की अपाचे बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। लोधा जाने का रास्ता पूछा। शकुंतला देवी रास्ता बताने लगीं तभी बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उनके कान के कुंडल को झपट्टा मारकर नोच लिया और दोनों भाग निकले।
इस तरह कुुंडल नोचने से शकुंतला देवी के कानों से खून बह निकला। वह चीखीं-चिल्लाईं तो बाग के अंदर मौजूद उनके पति सुखराम दौड़कर पास पहुंचे। शोर मचाने पर गांव वाले भी पहुंच गए। सूचना पर पीआरवी कर्मी पहुंचे और जानकारी ली। सीओ गभाना विनीत शिकरवार ने बताया कि बदमाश रास्ते में एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। जल्द ही उन्हें पकड़ा जाएगा।