संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। रोडवेज बसों को चुनाव के पांचवें चरण में लगाया गया है। जिले की रोडवेज बसों के कम होने से स्थानीय स्टेशन पर यात्रियों को बसों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। यात्रियों को इस समस्या का निदान पांच दिन के बाद ही हो सकेगा।
स्थानीय रोडवेज बस स्टेशन से प्रतिदिन 132 बसों का संचालन होता है। जिनसे प्रतिदिन दस से 12 हजार यात्री यात्रा करते हैं। वर्तमान में सामान्य निर्वाचन की प्रक्रिया चल रही है। रोडवेज बसों को सुरक्षा कर्मियों और पोलिंग पार्टियों को बूथ तक पहुंचाने के लिए लगाया जा रहा है।
प्रथम चरण से लेकर तीसरे चरण के मतदान के लिए बसों को गैर जनपद भेजा गया। अब पांचवें चरण के मतदान के लिए 29 बसों को गैर जनपद भेज दिया गया है। इससे रूट पर बसों की संख्या कम हो गई हैं। वहीं इन दिनों ट्रेनें भी विलंब से आ रही है। इससे यात्री रोडवेज बसों का सहारा ले रहे हैं।
गुरुवार को रोडवेज बस स्टेशन पर यात्रियों को बसों के लिए कई घंटे इंतजार करना पड़ा। स्टेशन पर यात्रियों को बस में स्थापन पाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। सबसे अधिक समय बच्चों और बुजुर्गों की हुई।
चुनाव के लिए बसें गई हैं, लेकिन हर मार्ग पर बसों का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों को छोटे रूट की बसों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। - हाकिम सिंह, एआरएम