फोटो- 17- खाई में घुसी रोडवेज की बस व बाहर खड़े यात्री। स्रोत: यात्री
हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव के पास शनिवार शाम को एक रोडवेज बस बुलेट सवार को बचाने के चक्कर में सड़क किनारे खाई में जा घुसी। हादसे के बाद बस में बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। गनीमत रही कि बस खाई में जाने के बावजूद कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और यात्री बाल-बाल बच गए। हालांकि यात्रियों ने चालक पर तेज रफ्तार से बस चलाने का आरोप लगाया और ओवरटेक करते समय खाई में बस जाने की बात कही।
शाहजहांपुर डिपो की हरदोई से शाजहांपुर जा रही रोडेज बस यूपी 78 जेटी 8630 बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सैदपुर के पास हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में सड़क के एक तरफ जेसीबी खड़ी थी। ऐसे में चालक ने बस को थोड़ा काटकर निकालने का प्रयास किया। इस बीच आगे जा रही बुलेट बस के सामने आ गई। बुलेट सवार को बचाने के चक्कर में चालक बृजेंद्र कुमार ने बस को एक किनारे करने का प्रयास किया लेकिन नियंत्रण खो बैठा और बस खाई में जा घुसी।
गनीमत रही कि बस में सवार किसी यात्री को कुछ नहीं हुआ। हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बस में सवार यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। वहीं यात्रियों ने चालक पर काफी तेज गति से बस दौड़ाने का आरोप लगाया। बताया कि महिला कंडक्टर ने रफ्तार कम करने के लिए कहा लेकिन उसने बात पर ध्यान नहीं दिया। मौके पर पहुंचे सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि किसी यात्री को चोट नहीं लगी है। यात्रियों को दूसरी बसों से उनके गंतव्य तक भेज दिया गया है। मामले में जांच की जा रही है चालक दोषी मिलता है तो कार्रवाई की जाएगी।