हरदोई। सांंडी थाना क्षेत्र में हरदोई मार्ग पर कबीरनपुरवा के पास रोडवेज बस ने मंगलवार शाम बाइक सवार दंपती को टक्कर मारदी। टक्कर लगने से सड़क पर गिरी गर्भवती के ऊपर से बस का पिछला पहिया निकल गया। मौके पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पति बदहवास हो गया।
सांडी थाना क्षेत्र के नोनखारा निवासी मोहिनी देवी (20) की शादी बीती 21 अप्रैल को विकास के साथ हुई थी। विकास ने बताया कि मोहिनी गर्भवती थी। मंगलवार की दोपहर विकास पत्नी को लेकर अल्ट्रासाउंड कराने और चिकित्सक को दिखाने बाइक से हरदोई आया था। शाम को बाइक से दोनों वापस जा रहे थे।
कबीरनपुरवा के पास दिल्ली जा रही हरदोई डिपो की रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मारदी। टक्कर लगने से मोहिनी सड़क की तरफ गिरी और बस का पिछला पहिया उसके ऊपर से निकल गया। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक मौके से बस समेत भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पत्नी की मौत से विकसा बदहवास हो गया और शव गोद में रखकर बिलखता रहा। रोडवेज के भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि चालक से फोन पर बात हुई है। उसने बस से कोई घटना न होने की बात कही है। फिर भी जांच की जा रही है।