बघौली। लखनऊ हरदोई राजमार्ग पर ग्राम सुन्नी में एक के बाद एक, दो हादसे होने से नाराज ग्रामीणों ने हरदोई लखनऊ मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा कर जाम खुलवाया।
थाना क्षेत्र के ग्राम महरी निवासी रोशनी (19) बुधवार शाम बघौली चौराहा से साइकिल से घर जा रही थी। रास्ते में सुन्नी गांव में कटका मोड़ के पास उसे बोलेरो ने टक्कर मार दी।
हादसे में रोशनी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद चालक बोलेरो समेत फरार हो गए। इधर सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए।
वहीं बघौली चौराहा पर स्थित ईट भट्ठा के ट्रैक्टर का ड्राइवर बबलू (35) निवासी ग्राम गंभीरपुरवा शाम को काम खत्म कर पैदल घर वापस जा रहा था। रास्ते में सुन्नी गांव के पास कटका मोड़ पर अज्ञात वाहन की टक्कर लगने पर वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
कटका मोड़ पर लगातार घटनाएं होने से नाराज ग्रामीणों ने लखनऊ हरदोई मार्ग पर जमा लगा दिया। ग्रामीण लगभग 20 मिनट तक जाम लगाए रहे।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे बघौली चौकी इंचार्ज मोहम्मद जावेद अख्तर ने ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया। इसके बाद घायल बबलू को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। जाम खुलने के बाद सड़क पर वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।