फोटो 28: बेगमगंज में इसी स्थान से बनेगी रिंग सड़क। संवाद
संडीला। नगर में मुख्य सड़क पर बढ़ते वाहनों की संख्या से लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। नगर में प्रस्तावित रिंग रोड को बनवाए जाने के लिए शासन ने मंजूरी दे दी है। लोक निर्माण विभाग के प्रस्तावों पर शासन ने चरणबद्ध स्वीकृतियां दी हैं। काम कराए जाने पर करीब 2.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शासन ने काम कराने के लिए एक करोड़ रुपये भी दे दिए हैं। विभाग ने निविदा प्रक्रिया शुरू करा दी है। काम 2027 के जून माह तक पूरा कराने की समयसीमा तय की गई है।
नगर में मुख्य सड़क पर जाम और लोगों को होने वाली दिक्कतों को विधायक अलका सिंह अर्कवंशी ने गंभीरता से लिया। लोगों की मांग पर उन्होंने नगर के बाहर-बाहर रिंग रोड बनवाए जाने के लिए शासन स्तर पर प्रयास किए। वहीं लोक निर्माण विभाग ने रिंग रोड बनवाए जाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना शासन को भेजी थी। विधायक के प्रस्ताव पर शासन ने लोक निर्माण विभाग की कार्ययोजना पर मंजूरी दे दी है। काम चरणबद्ध ढंग से कराया जाएगा।
रिंग रोड के काम के पहले चरण में दो सड़कों में नई तहसील नहर से बेगमगंज स्थित राकेश कोल्ड स्टोर के सामने एनएच-731 तक 3.083 किलोमीटर का भाग शामिल है। दूसरे चरण में मेंहदीघाट-संडीला-भटपुर सड़क पर सेंट थेरेसा क्रॉसिंग (बाईपास) से जीजीआईसी के पास एनएच-731 तक 761 मीटर सड़क का डामरीकरण कराया जाना शामिल है। रिंग रोड के बन जाने से वाहनों को नगर के अंदर से होकर आवागमन नहीं करना होगा। जाम की समस्या से छुटकारा की उम्मीद है। विधायक अलका सिंह अर्कवंशी ने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही काम शुरू हो जाएगा। जो शेष सड़क बचेगी उसे भी जल्द से जल्द बनवाने का प्रयास किया जाएगा।