पाली। नौकरी का झांसा देकर आंध्र प्रदेश की एक महिला को ठगने के मामले में थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। युवक ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति की रहने वाली एक महिला से साइबर फ्रॉड कर 98 हजार रुपये ऐंठ लिए। प्रतिबिंब पोर्टल पर दर्ज शिकायत की जांच के बाद पाली पुलिस ने आरोपी और साथी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं।
उपनिरीक्षक व साइबर सेल प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि साइबर अपराधों की शिकायतें प्रतिबिंब पोर्टल पर दर्ज होती हैं। इसी पोर्टल के जरिए आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित भार्गव एक्सोटिक नायडू अपार्टमेंट निवासी रीमा मौर्य की शिकायत पुलिस को मिली। पीड़िता ने अपनी शिकायत में एक मोबाइल नंबर का उल्लेख किया, जिसके आधार पर साइबर सेल ने मामले की कड़ियां जोड़ना शुरू किया। मोबाइल नंबर की बारीकी से जांच की, तो उसकी लोकेशन और सिम कार्ड पाली थाना क्षेत्र के शिवनगर दघेला निवासी अंकित के नाम पर दर्ज पाया गया।
जांच में यह साफ हुआ कि आरोपी अंकित ने रीमा मौर्य से संपर्क कर उससे वॉट्सऐप के जरिए पीड़िता को नौकरी का ऑफर देकर अलग-अलग किस्तों में कुल 98,000 रुपये की ठगी की है। अंकित के मोबाइल की तकनीकी जांच में भी पीड़िता से की गई बातचीत और धोखाधड़ी के पुख्ता सबूत बरामद हुए। थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि आरोपी और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ साइबर फ्रॉड की गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।