हरदोई। काम कराए बिना ही भुगतान निकालने के मामले में प्रधान समेत दो के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जांच में गड़बड़ी की पुष्टि पर सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने डीपीआरओ विनय कुमार सिंह को कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी थी। सहायक विकास अधिकारी पंचायत जितेंद्र कुमार सिंह ने कोतवाली शाहाबाद में धोखाधड़ी और गबन में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विकास खंड शाहाबाद की ग्राम पंचायत शर्मा फत्तेपुर में कराए जाने वाले विकास कार्यों में गड़बड़ी की जानकारी पर सीडीओ ने बीडीओ से जांच कराई थी। बीडीओ दिनेश कुमार शर्मा ने जांच रिपोर्ट में कहा कि शर्मा फत्तेपुर गांव में अलेला की पुलिया से श्रवण के मकान तक यू-टाइप नाली बनवाए जाने के लिए आईडी जारी की गई।
इस पर 17 हजार, 250 रुपये मजदूरी, 11 हजार, 700 रुपये राजमिस्त्री और 40 हजार, 083 रुपये सामग्री की खरीदारी के लिए भुगतान निकाला गया है। नाली बिना बनवाए ही प्रधान दयाशंकर और तत्कालीन पंचायत सचिव पवन कुमार वर्मा ने 18 मार्च 2024 को केंद्रीय वित्त आयोग की मद से भुगतान किया। जांच में दोनों को दोषी बताया गया। मामले की जांच कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक अमित कुमार सिंह को सौंपी गई है।