पिहानी (हरदोई) तीन दिन पहले शिवापुरवा गांव में हुई महिला की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने गुरुवार को भाई बालस्टर की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शिवापुरवा निवासी नीलम (30) पत्नी रामेंद्र की रविवार की रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। मृतका के भाई ने रामेंद्र पर हत्या करने का आरोप लगा पुलिस को सूचना दी थी, जिस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेेकर पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोट लगने से नीलम की मौत होने की सामने आई है।
नीलम के भाई बालस्टर निवासी ग्राम मदारीपुरवा थाना मैगलगंज जिला लखीमपुर खीरी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसने अपनी बहन नीलम की शादी नौ वर्ष पहले रामेंद्र के साथ की थी, उसके दो बच्चे हैं। बताया कि रामेंद्र शराब का आदी है, वह नशे में आए दिन नीलम के साथ मारपीट करता रहता था। बताया कि रविवार को विवाद के बाद रामेंद्र ने नीलम की हत्या कर दी।
आरोपी ने दौरा पड़ने से नीलम की मौत होने की सूचना उसे दी थी। जब वह यहां आया तो नीलम के शरीर पर चोट के निशान मिले थे। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।