हरपालपुर। मारपीट के लगभग ढाई साल बाद बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। दरअसल मृतक के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर भूख हड़ताल की थी। ऐसे में पुलिस ने सात लोगों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के बम्टापुर नंदबाग गांव निवासी भइयालाल उर्फ चमनबाबू ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में बताया कि उसके भाई रामनाथ (65) को बीती एक जुलाई काे 2022 गांव के ही सुधीर, सुनील, बबलू, गीता, विमल, रिचा ओर रनवीर ने लाठी डंडों से मारपीटकर घायल कर दिया था। बीती 15 नवंबर को रामनाथ की घर में ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम में सिर में चोट आने से मौत होने की बात सामने आई। इस पर मृतक के भाई भइयालाल ने रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। रिपोर्ट दर्ज नहोने पर भइयालाल ने अपने मकान के बाहर ही भूख हड़ताल की। इस पर सीओ हरपालपुर शिल्पा कुमारी और कोतवाल राजदेव मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन देकर भूख हड़ताल समाप्त कराई। प्रभारी निरीक्षक राजदेव मिश्रा ने बताया गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।