हरदोई। प्रसव से पूर्व देखभाल के लिए शासन के निर्देश पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर बृहस्पतिवार को एएनसी क्लीनिक का आयोजन करने के निर्देश दिए गए, लेकिन जिले में पहला आयोजन ही लापरवाही की भेंट चढ़ गया। इसको लेकर अब मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी पीएचसी और सीएचसी के अधीक्षक व प्रभारियों को निर्धारित दिवस पर आयोजन कराने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच और उनके दवाओं के वितरण के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर प्रत्येक बृहस्पतिवार को एएनसी क्लीनिक का आयोजन करने के निर्देश दिए हैं। बृहस्पतिवार को आयोजन होना था, लेकिन जिले के जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते एएनसी क्लीनिक का आयोजन नहीं हो सका। जिले भर में एएनसी क्लीनिक के आयोजन को लेकर काफी लापरवाही की गई। इस मामले में ही अब मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिम्मेदारों पर नाराजगी व्यक्त की है। सीएमओ डॉ. रोहताश कुमार ने सभी सीएचसी और पीएचसी के अधीक्षक और प्रभारी अधिकारियों को बृहस्पतिवार को एएनसी क्लीनिक का आयोजन कराने के निर्देश दिए हैं और हीलाहवाली पर कार्रवाई की बात कही है।