शाहाबाद। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नगर के माहीबाग में संचालित बेनामी क्लीनिक (अस्पताल) का संचालन करने वाले मुशीह खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पांच सितंबर की सुबह यहां उपचार के दौरान एक मासूम की मौत हो गई थी।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के जसमई खिरौना गांव निवासी शेर सिंह के पुत्र सूर्यांश (4) को बुखार आ रहा था। चार सितंबर की रात सूर्यांश को माहीबाग के मुशीह खान के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दावा है कि मुशीह खान ने परिजनों को बच्चे के ठीक हो जाने का भरोसा दिलाया था। बच्चे को ग्लूकोस की बोतल में इंजेक्शन डालकर चढ़ाया गया था। इसके बाद मुशीह खान सोने चले गए थे और सहायक को निगरानी करने की हिदायत दी थी। रात में बच्चे की तबीयत खराब हो जाने पर परिजनों ने मुशीह खान को कई बार फोन मिलाया था लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया था। पांच सितंबर की सुबह बच्चे की मौत हो गई थी। परिजनों के हंगामा करने पर कर्मचारी अस्पताल में ताला डालकर भाग गए थे। उसी दिन सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रवीण दीक्षित ने अस्पताल को सील कर दिया था।
नोडल अधिकारी डाॅ. अखिलेश वाजपेयी ने बताया कि अस्पताल का संचालन बिना पंजीकरण के किया जा रहा था। साथ ही मृतक के पिता की तहरीर पर मुशीह खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाल आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।