हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के चांदा महमदपुर में सोमवार की दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसको सीएचसी ले जा रहे थे। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। परिजन शव वापस गांव ले आए। मृतका के बड़े भाई ने बहनोई समेत उसके परिजनों पर हत्या आरोप लगाया है। उसने पुलिस को सूचना दी।
फर्रुखाबाद जनपद के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के चौली मोहिया गांव निवासी हरी बाबू मिश्रा की पुत्री मानवी (26) ने साल 2017 में अरवल थाना क्षेत्र के चांदा मोहम्मपुर निवासी अवनीश दुबे के साथ कोर्ट मैरिज की थी। अवनीश ने बताया कि सोमवार की दोपहर मानवी की अचानक तबीयब बिगड़ गई। उसको सीएचसी ले जा रहे थे। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मानवी के बड़े भाई गोपाल ने बताया कि सोमवार की दोपहर उसकी छोटी बहन मानसी के पास अवनीश का फोन आया। उसने बताया कि मानवी की तबीयत खराब है।
इसके कुछ देर बाद उसने उसकी मौत की खबर दी। शाम के समय अन्य परिजनों के साथ गोपाल मानवी के घर पहुंचे। वहां मानवी के शव को देखकर गोपाल ने मौत के हालात पर संदेह जताया। पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लिया। मृतका के भाई ने मृतका के पति और उसके ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की कोई संतान नहीं है। अरवल थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।