भरावन। सधारीखेड़ा गांव स्थित ननिहाल में रह रहे युवक ने गांव के ही तीन युवकों पर मारपीट करने और झोपड़ी जलाने का आरोप लगाया है। मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर मढ़िया निवासी रूपेंद्रने बताया है कि वह थाना क्षेत्र के ही गांव सधारी खेड़ा स्थित ननिहाल में रहता और मछली पालन करता है। नौ अगस्त को सधारी खेड़ा निवासी सलमान, अता व जुल्फी तालाब पर आए। जुल्फी ने बाल्टी थाम रखी थी, जिसे उसने तालाब में डुबो दिया। इसके कुछ समय बाद तालाब में पली मछलियां मर गईं।
रूपेंद्र ने बताया कि उसने इसकी शिकायत पुलिस में की। जिस पर 28 अगस्त की रात सलमान, अता, जुल्फी व बरकत तालाब पर आए और उसकी झोपड़ी में आग लगा दी। आरोपियों ने उसे व उसके साथी मोहित के साथ गाली गलौज व मारपीट की। बताया कि आग लगने से झोपड़ी में रखा 10 किलो मछली का दाना, जाल व बिस्तर आदि जल गया।
उसने घटना की शिकायत पुलिस में की, लेकिन कार्रवाई नहीं की। कोर्ट ने रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया है। कोर्ट के आदेश व पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ अतरौली ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।