खेल मैदान पर अवैध कब्जे के खिलाफ सोमवार को क्रमिक अनशन शुुरू हो गया। अनशन पर बैठे लोगों ने कहा कि जब तक कब्जे की जमीन पर कराया गया निर्माण हटेगा नहीं तब तक वे शांत नही बैठेंगे। नगर के मोहल्ला बाजीगंज स्थित परिषदीय विद्यालय के पास खेल मैदान पर कुछ लोगों ने कब्जा कर निर्माण शुरू करा दिया है।
इसके विरोध में नगर के पूर्व सभासद नंदकिशोर गुप्ता, मनोज अग्निहोत्री उर्फ पुतानी सतवीर बाबा आदि ने धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। सुनवाई न होने पर सोमवार को मनोज अग्निहोत्री व सतवीर बाबा कटरा बिल्हौर मार्ग पर क्रमिक अनशन पर बैठ गए।
उन्हें अनशन पर बैठा देख आसपास के लोग भी पहुंच गए। उन्हाेंने अनशनकारियों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी हर लड़ाई में वह साथ रहेंगे। अनशनकारियों ने दो टूक कहा कि जब तक जमीन को भूमाफियाओं से खाली कराकर निर्माण कार्य नहीं हटाया जाएगा।
तब तक वह आंदोलन खत्म नही करेंगे। मालूम हो कि विगत तीन दिन से इस मुद्दे पर नगर में धरना प्रदर्शन से लेकर जुलूस तक निकाले गए। अफसरों ने इस ओर ध्यान नही दिया। सोमवार को बाजार में दुकानें खुली रही। लोगों ने खरीददारी की। सोमवार के अनशन में पूर्व सभासद मौजूद नहीं थे। पूछने पर बताया गया कि वह किसी काम से जिला मुख्यालय गए हैं।