फोटो-02-पैथालॉजी में सफाई के बाद दवा का छिड़काव करता कर्मचारी। संवाद
फोटो-03-पैथालॉजी में खुली रखी बायोकेमेस्ट्री मशीन। संवाद
- जांचे न होने से नहीं लिए जा रहे नमूने, मरीज हो रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मेडिकल कॉलेज की पैथालॉजी में लगीं बायोकेमेस्ट्री मशीनें शुक्रवार को भी सही नहीं हो पाईं। इसके कारण न तो नमूने लिए गए और न ही जांच रिपोर्ट दर्ज गई। मशीनें सही करने का काम चल रहा है। इस सबके बीच चूहों की समस्या खत्म करने के लिए सफाई भी कराई गई।
मेडिकल कॉलेज की पैथोलाॅजी में कई प्रकार अत्याधुनिक मशीनें लगाकर मरीजों को जांच में सुविधाएं दी जा रहीं हैं, लेकिन कुछ दिनों से जांच के लिए काफी परेशान होना पड़ रहा है। पैथोलॉजी में चूहों ने रक्त नमूनों की जांच के लिए रखी मशीनों के तार और अंदरूनी पार्ट्स काट दिए हैं। सोमवार को चूहों ने दो बायोकेमेस्ट्री मशीन के तार काटे थे। जैसे तैसे मशीनों को दुरूस्त कर काम चलाया गया।
48 घंटे भी न बीते थे कि चूहों ने तीसरी और फिर चौथी बायोकेमेस्ट्री मशीन के तार काट दिए। बायाेकेमेस्ट्री मशीन से होने वाली सभी जांचे पूरी तरह से बंद हो गईं। जांच न होने से किसी मरीज को दवा नहीं मिल पा रही है तो किसी को आपरेशन कराने के लिए निजी लैब का सहारा लेना पड़ा।
शुक्रवार को भी मशीनों की मरम्मत के काम की वजह से जांच नहीं हो सकी। जांचें ठप होने से मरीज परेशान रहे। चूहों से छुटकारा पाने के लिए पैथोलॉजी में भी साफ सफाई करवाई गई और दवा का छिड़काव कराया गया। प्राचार्य डॉ. जविन बिष्णु गोगोई ने बताया कि मशीनों को सुधारने का प्रयास किया जा रहा है, उम्मीद है कि शनिवार से काम शुरू हो जाएगा।