हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। एक को दुष्कर्म का आरोपी बनाया गया, जबकि तीन पर मारपीट करने और धमकाने का आरोप है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती शनिवार रात आठ बजे घर पर थी। तहरीर के मुताबिक गांव निवासी शिवम पुत्र उमेश, अजयपाल पुत्र रुकमंगल, रजनीश पुत्र महेश, सोनू पुत्र मुन्ना घर में घुस आए।
युवती और उसकी मां के साथ मारपीट करने लगे। घर के अंदर बने एक कमरे में घुसकर मां-बेटी ने दरवाजा बंद कर लिया तो आरोपियों ने दरवाजा तोड़ दिया। आरोप है कि शिवम ने युवती को कमरे से खींच लिया और बाहर पड़े छप्पर में उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शहर कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की विवेचना निरीक्षक श्वेता द्विवेदी को सौंपी गई है।