पाली। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसके घर में घुसकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
शिकायत करने पर आरोपी की मां एवं भाई ने उसे डराया धमकाया। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने रिपोर्ट दर्ज किए जाने का आदेश दिया है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एसपी अनुराग वत्स को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह आठ माह की गर्भवती है, 16 अप्रैल की रात वह अपने घर में लेटी हुई थी।
पति गेहूं की फसल काटने खेत पर गया हुआ था। देर रात पड़ोस में रहने वाला सुधीर घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। उसके विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की।
जिसमें वह घायल हो गई। पीड़िता ने बताया कि शोर सुनकर उसकी सास रामवती व जेठानी शांति मौके पर आ गईं, तो आरोपी दीवार फांदकर भाग गया। वह इसकी शिकायत करने आरोपी के घर गई, तो उसकी मां व भाई ने उसे डराया धमकाया।
एसओ राजेश कुमार राय ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।