हरदोई। दो फैक्टरियों में नीम कोटेड यूरिया के प्रयोग के खुलासे के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। संडीला औद्योगिक क्षेत्र स्थिति फैक्टरियों में सोमवार को जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश कुमार पाठक के नेतृत्व में छापेमारी की गई। छापे में दो औद्योगिक इकाइयों से टेक्निकल ग्रेड यूरिया के नमूना भी लिए गए हैं।
जिला कृषि अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने कोतवाली संडीला पुलिस फोर्स के साथ औद्योगिक इकाइयों में टेक्निकल ग्रेड यूरिया के उपयोग की आड़ में नीम कोटेड यूरिया के प्रयोग पर छापेमारी की गई। जिससे औद्योगिक क्षेत्र में खलबली रही। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि श्री राम टिंबर, ऑस्टिन प्लाई वुड, लखनऊ प्लाई वुड, अमन एजेंसी, प्रकाश इंडस्ट्री और डीईएफ यूरिया पेट्रोल पंप पर छापा मारा गया। इसमें टेक्निकल ग्रेड यूरिया के संदिग्ध लगने पर श्री राम टिंबर और ऑस्टिन प्लाई वुड से एक-एक नमूना लिया गया है। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। टीम में जिला कृषि रक्षा अधिकारी विनीत शुक्ल, उद्योग विभाग से सहायक आयुक्त जगत नारायण सिंह, नायब तहसीलदार देवानंद श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर फोर्स के साथ शामिल रहे।