हरदोई। स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुरू हुई राज्यस्तरीय किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप के पहले दिन रायबरेली के खिलाड़ियों ने दबदबा दिखाया। खेल प्रेमियों में भी उत्साह देखने को मिला।
स्टेट लेवल की किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के एसोसिएट प्रेसीडेंट व प्रदेश ताइक्वांडो संघ के सचिव आरसी साहू ने किया। चैंपियनशिप में सीनियर वर्ग, जूनियर और सब जूनियर वर्ग शामिल हैं। चैंपियनशिप में हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, लखीमपुर, बाराबंकी, भदौहीं समेत प्रदेश के 30 जिलों के 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। शनिवार को हुई 29 किलोग्राम बालक वर्ग में सुल्तानपुर के शशांक यादव प्रथम रहे जबकि दूसरे नंबर पर बुलंदशहर के ग्रंथ व तीसरे नंबर पर बरेली के अंकित राना रहे। 21 किलोग्राम में महाराजगंज के कुनाल साहनी, रायबरेली के विनायक व गाजियाबाद के रुद्राक्ष सिंह प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे। 18 किलोग्राम महिला ग्रुप में रायबरेली की शिवानी मीना ने गोल्ड झटका। 21 किलोग्राम में रायबरेली की प्रेक्षा मीना ने प्रथम, गाजियाबाद की ऐशनी तिवारी ने द्वितीय स्थान पाया। 22 किलोग्राम मेें आरना प्रथम रहीं। रायबरेली की सुप्रिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 24 किलोग्राम में गाजियाबाद की प्रार्थी सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 29 किलोग्राम बालिका वर्ग में रायबरेली की पावनी प्रथम, रायबरेली की ही अंविता द्वितीय एवं गाजियाबाद की आल्या तीसरे स्थान पर रहीं। 32 किलोग्राम वर्ग में भी रायबरेली का दबदबा देखने को मिला। कोमल भारती प्रथम और अदिति द्वितीय रहीं। इस दौरान उत्तर प्रदेश किक एसोसिएशन के सचिव अनुराग श्रीवास्तव, जिला क्रीड़ाधिकारी रंजीत यादव, डॉ. विभा सिंह, एसोसिएशन अध्यक्ष आशीष, सचिव पंकज वर्मा आदि मौजूद रहे।