हरदोई। उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति जिले के प्रशासनिक जज ऋतुराज अवस्थी ने शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर में नवनिर्मित कोर्ट भवन का लोकार्पण किया। न्यायमूर्ति ने पौधारोपण कर परिसर का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर बार एसोसिएशन की ओर से स्वागत कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। न्यायमूर्ति ने वकीलों से कहा कि नए भवन के लोकार्पण के बाद जिले के न्यायिक अधिकारी व अधिवक्ताओं को सहूलियत होगी। न्यायिक कार्य बेहतर तरीके से हो सकेंगे। वकीलों से कहा कि बेवजह न्यायिक कार्यों से विरत न रहें। पूरी तैयारी के साथ अदालत में कार्य करें।
उन्होंने अवर न्यायालय में न्यायिक अधिकारियों की कमी पर कहा कि उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल को इससे अवगत करा दिया है। जिले को जल्द ही और न्यायिक अधिकारी मिलेंगे, ताकि वादों के निस्तारण में गति आ सके। बार बेंच से जुड़े लोगों की पहचान न्यायिक कार्यों से ही होती है। वकीलों ने मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति ऋतुराज अवस्थी व विशिष्ट अतिथि जिला जज एसएएच रिजवी का माल्यार्पण कर व स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। बार के पूर्व अध्यक्ष त्रिलोकी सिंह गौर, विजय प्रताप द्विवेदी, रामेंद्र तोमर, पूर्व मंत्री अशोक द्विवेदी ने विचार व्यक्त किए। संचालन बार के महामंत्री जे पी त्रिवेदी ने किया। बार अध्यक्ष पीके मिश्रा ने आभार जताया।
कंप्यूटर, अकाउंट और लीगल एड क्लीनिक रूम की सुविधा
जिले के प्रशासनिक जज न्यायमूर्ति ऋतुराज अवस्थी ने कोर्ट रूम भवन का निरीक्षण किया और निर्माण को संतोषजनक बताया। तीन मंजिला बिल्डिंग में कंप्यूटर रूम, अकाउंट रूम और लीगल एड क्लीनिक रूम का जायजा लिया। प्रशासनिक जज ने न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक भी की। लोकार्पण के दौरान जिला जज एसएएच रिजवी, जिलाधिकारी पुलकित खरे, पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी भी मौजूद रहे। बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर कमेटी के अध्यक्ष अपर जिला जज प्रथम अजय कुमार सिंह, यूपीआरएनएन के इकाई प्रभारी जे एन चक्रवर्ती, मोटर दुर्घटना न्यायाधिकरण जज गौरव कुमार श्रीवास्तव, न्यायिक अधिकारी संजीव कुमार सिंह, दीपक यादव, रत्नेश श्रीवास्तव, चंद्र विजय श्रीनेत, अनिल कुमार, निशा श्रीवास्तव, आकांक्षा बाजपेई, संगीता कुमारी, वायु नंदन मिश्रा आदि मौजूद रहे।