हरदोई के संडीला में एंटीकरप्शन टीम की गिरफ्त में घूस लेते पकड़ा गया आरोपी पूर्ति निरीक्षक अमित ?
- फोटो : HARDOI
कछौना (हरदोई)। संडीला के पूर्ति निरीक्षक को कोटेदार से 10 हजार रुपये घूस लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
बेहंदर के छोटई खेड़ा गांव निवासी कोटेदार सलमान ने बताया कि संडीला का पूर्ति निरीक्षक अमित चौधरी उसकी झूठी शिकायत करवाकर आए दिन धन उगाही करता था। इससे परेशान होकर उसने भ्रष्टाचार निवारण विभाग लखनऊ के अफसरों से शिकायत की थी। एंटी करप्शन टीम ने सलमान के साथ पूर्ति निरीक्षक को रंगे हाथों पकड़ने का प्लान बनाया।
मंगलवार को सलमान संडीला स्थित कार्यालय के बाहर बरामदे में दस हजार रुपये लेकर पहुंचा। वहां उससे रिश्वत लेते समय टीम ने पूर्ति निरीक्षक अमित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को टीम कोतवाली कछौना ले आई। निरीक्षक नुरुल हुदा खान की तहरीर पर मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
50 हजार मांगी थी रिश्वत
टीम के निरीक्षक पीएन तिवारी ने बताया कि उक्त गांव की कलावती ने कोटेदार की शिकायत की थी। जिस पर पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। कोटेदार ने रिश्वत नहीं दी तो कोटा निलंबित कर दिया था। उसके बाद उच्च न्यायलय के आदेश पर कोटा बहाल हुआ तो पूर्ति निरीक्षक गांव से शिकायतें कराकर आए दिन उससे रुपये मांगता था। इससे परेशान होकर कोटेदार ने टीम से संपर्क किया था। टीम में निरीक्षक मृत्युंजय मिश्रा, संजय सिंह, कांस्टेबल अभिषेक, राजेश, जफरुदीन, सुनील शामिल रहे।