फरेलवे ने माधौगंज से माल परिवहन सेवा शुरू कर दी है। दिसंबर में माधौगंज से यह सुविधा शुरू होने के बाद शुक्रवार को पहली लोडिंग हुई। यहां से पांच वैगन चावल खंडी लोड कर पंजाब के कपूरथला के लिए रवाना की गई। सीएमआई अम्बुज मिश्रा ने बताया कि अब क्षेत्र व आसपास के व्यापारी माधौगंज स्टेशन से ही रैक से कहीं भी माल भेज सकेंगे।
डीआरएम मुरादाबाद तरुण प्रकाश ने जुलाई ने बालामऊ उन्नाव रेलखंड का निरीक्षण किया था। इस दौरान डीआरएम ने माधौगंज स्टेशन पर व्यापारियों के साथ बैठक भी की थी। इसमें व्यापारियों ने माधौगंज व आसपास, कहीं से भी रैक बुकिंग की सुविधा न मिलने का मामला उठाया था।
इसके बाद डीआरएम ने माल परिवहन को बढ़ावा देने व यात्रियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए माधौगंज स्टेशन पर रैक लोडिंग की सुविधा शुरू कराने की घोषणा की थी। इस पर तत्काल काम भी शुरू हुआ। स्टेशन के पास एक्सट्रा लाइन के पास पांच वैगन लोडिंग की साइडिंग का निर्माण करा दिसंबर से यहां से रैक लोडिंग सुविधा शुरू कर दी गई।
लगभग दो माह के बाद शुक्रवार को माधौगंज स्टेशन से पंजाब के कपूरथला के लिए पहली बार पांच वैगन (पार्ट रैक) लोड की गई। हरदोई के एक व्यापारी द्वारा बुकिंग कराने के बाद यहां से शुक्रवार को पांच वैगन चावल खंडी पंजाब भेजी गई।
सीएमआई अम्बुज मिश्रा ने बताया कि व्यापारिक दृष्टिकोण से यह काफी महत्वपूर्ण है। क्षेत्र व आसपास के व्यापारी आवश्यकता अनुसार इससे अधिक रैक बुक करा कर किसी भी चीज का बाहर निर्यात कर सकते हैं।
रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि माधौगंज, बिलग्राम, मल्लावां व आसपास के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गेहूं, धान व अन्य चीजों की खेती होती है। यह क्षेत्र चावल उत्पादन मेें भी अग्रणी है।
यहां से चावल व गेहूं समेत अन्य चीजों को दूसरे प्रदेशों में भेजा जाता रहा है, लेकिन अभी तक यह सारी चीजें हरदोई रैक प्वाइंट से भेजी जाती रही हैं। व्यापारियों को अब यहीं से यह सुविधा मिलेगी। बताया कि यहां से रेल को अच्छा माल मिलने की अच्छी संभावनाएं हैं।