प्रदर्शन करते पंचायत राज सेवा परिषद के पदाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
जिले के पंचायतीराज विभाग के कर्मचारियों ने बीडीओ के अधीन काम करने से इनकार कर दिया है। इन्हाेंने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में धरना देकर खंड स्तर पर भी आईएएस व पीसीएस संवर्ग के कार्यकारी अधिकारी को नियुक्त करने की मांग की।
पंचायतराज सेवा परिषद के अध्यक्ष जिला पंचायतराज अधिकारी सभाजीत पांडेय व कार्यक्रम आयोजक रजनीकांत त्रिवेदी ने कहा कि ग्राम्य विकास विभाग के खंड विकास अधिकारी पंचायती राज विभाग को अपने ढंग से चलाना चाहते हैं। बीडीओ को ग्राम पंचायत अधिकारियों के नियंत्रण, सहायक विकास अधिकारी पंचायत के आकस्मिक अवकाश स्वीकृत करना और वार्षिक चरित्र प्रविष्टि के प्रतिवेदन अधिकारी के रूप में अधिकार दिए गए।
यह सभी अधिकार बीडीओ से समाप्त कर देना चाहिए। पंचायतराज व्यवस्था को संचालित करने का दायित्व पंचायतराज विभाग को है। ग्राम्य विकास विभाग अब पंचायतराज विभाग पर अधिकार चाहता है। उन्होंने कहा कि पंचायतराज विभाग के कर्मचारी अब ग्राम्य विकास विभाग के किसी आदेश को नहीं मानेंगे । न ही विभागीय अधिकारी के नियंत्रण में कार्य करेंगे।
विभागीय समन्वय के लिए आईएएस व पीसीएस स्तर के अधिकारी की तैनाती की जाए। परिषद सदस्यों ने मांगों को लेकर नगर मजिस्ट्रेट जितेंद्र मोहन को ज्ञापन दिया। साथ ही 17 जून को प्रदेश स्तर पर लक्ष्मण मेला मैदान पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। इस दौरान एडीओ पंचायत सर्वेंद्र सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी लाल बिहारी, राम किशोर, दिनेश पाल, सफाई कर्मी महेंद्र पाल वर्मा, दिनेश पाल, अशोक व अविनाश आदि मौजूद रहे।