हरदोई। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम अविनाश कुमार ने बताया कि विधानसभा सभा चुनाव के लिए जिले की सभी आठों सीटों के लिए मतगणना 10 मार्च को होगी।
मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों निर्वाचन अभिकर्ताओं, मतगणना अभिकर्ताओं एवं गणना कार्मिकों हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। मतगणना भवन के परिसर के चारों ओर 100 मीटर के घेरे को पैदल क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया गया है।
इस परिधि के अंदर किसी भी प्रकार के वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी। मतगणना हाल में किसी भी अभिकर्ता, प्रत्याशी, जनप्रतिनिधि व मतगणनाकर्मी द्वारा पानी की बोतल मोबाइल धूम्रपान की सामग्री यथा माचिस, सिगरेट, बीडी, गुटखा आदि तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं यथा इलेक्ट्रानिक उपकरण आदि मतगणना हाल में नहीं ले जाया जाएगा।
मतगणना परिणाम अंकन हेतु सादा कागज एवं पेन साथ में ले जाया जा सकता है। रिटर्निंग ऑफिसर या उनके द्वारा अधिकृत सहायक रिटर्निंग ऑफिसर या उप जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी किए गए अधिकृत फोटोयुक्त पास के आधार पर ही मतगणना कर्मचारी, प्रत्याशी, निर्वाचन अभिकर्ता, मतगणना अभिकर्ता या किसी अन्य अधिकारी कर्मचारी को मतगणना हाल में प्रवेश दिया जाएगा।
मीडिया के पास धारकों को कैमरा ले जाने की स्वीकृति दी जाएगी, किंतु मतगणना प्रक्रिया की आडियो वीडियो की कवरेज करते समय मीडिया द्वारा हाथ में अथवा कंधे से ले जाने वाले कैमरे से किसी भी स्थिति ईवीएम पर रिकार्ड किए गए मतों आदि की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी नहीं की जाएगी।
धारा 144 प्रभावी, जुलूस भीड़ पर प्रतिबंध
जनपद में धारा 144 प्रभावी है। मतगणना संपन्न हो जाने के बाद किसी भी प्रत्याशी या संगठन द्वारा भीड़ मंडी परिसर में नहीं की जाएगी और न ही विजय जुलूस निकाला जाएगा।
निर्वाचन परिणाम घोषणा के उपरांत प्रमाणपत्र प्राप्त करने हेतु विजयी प्रत्याशी स्वयं उपस्थित होकर प्रमाणपत्र प्राप्त करेंगे। प्रमाणपत्र प्राप्त करने के समय अधिकतम चार व्यक्ति अपने साथ ले जा सकते हैं।
यहां पार्क करने होंगे वाहन
हर विधानसभा के प्रत्याशियों निर्वाचन अभिकर्ताओं गणना अभिकर्ताओं के वाहन राजकीय औद्योगिक संस्थान (आईटीआई) परिसर में पार्क किए जाएंगे। समस्त अधिकारियों एवं मतगणना कर्मचारियों के वाहन सीएसएन डिग्री कालेज के प्रांगण में पार्क किए जाएंगे।