मल्लावां। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के मेहंदीपुर गांव में संदिग्ध हालात में गर्भवती का शव फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाया।
मेहंदीपुर निवासी अनिल कुमार दिल्ली में रहकर माली का काम करते हैं। उनकी शादी पांच साल पहले कासिमपुर थाना क्षेत्र के छत्ताखेड़ा निवासी नीलम देवी (28) के साथ हुई थी। अनिल दिल्ली में रहकर काम कर रहे हैं। बुधवार रात घर में मौजूद सभी लोग सो रहे थे। रात में किसी समय नीलम ने साड़ी के फंदे से खुदकुशी कर ली। बृहस्पतिवार सुबह परिजन उठे तो शव लटकता देख उनके होश उड़ गए।
घटना की जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। भाई प्रमोद ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। मृतका गर्भवती थी और उसके तीन वर्ष का एक बेटा है। सीओ बिलग्राम सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।