हरदोई। रोस्टर के अनुसार प्रांतीय रक्षक दल के जवानों की ड्यूटी लगाए जाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर पीआरडी जवानों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र मोहन को सौंप कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि पीआरडी जवानों को थाना, तहसील सहित विभिन्न संस्थानों में लगाया जाए। रोस्टर से सभी जवानों को ड्यूटी पर लगाया जाए ताकि जवान भुखमरी के कगार पर न पहुंचे। जिले में पीआरडी जवानों का रुका हुआ पारिश्रमिक भत्ता दिलाया जाए। ग्राम पंचायत के चुनाव में लगभग 250 जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी जिसमें 50 फर्जी लड़के पीआरडी के रूप में ड्यूटी पर लगा दिए गए। जिनसे सुविधा शुल्क भी लिया गया।
इस संबंध में संघ ने जांच कर कार्रवाई करने के लिए पहले भी शिकायती पत्र युवा कल्याण अधिकारी को दिया जा चुका है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसकी तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाए। इस दौरान पीआरडी जवानों ने जोरदार नारेबाजी की। इस मौके पर महामंत्री राजाराम गौतम, नरेश चंद्र राठौर, रामदास, गयादीन, रामस्वरूप, गंगाराम, राजाराम, नरेश चंद्र राठौर आदि मौजूद रहे।