हरदोई। राज्य महिला आयोग की सदस्य रजनी शुक्ला ने शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। वार्ड में प्रसूता को दर्द से तड़पता देखकर उन्होंने नर्स को फटकार लगाई। अस्पताल में गंदगी व अन्य खामियां मिलने पर सीएमएस को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मास्क न लगाने वाले तीमारदारों को बाहर निकाल दिया। बिना मास्क अस्पताल में किसी को प्रवेश न करने के निर्देश दिए।
रजनी शुक्ला ने अस्पताल के लेबर रूम में भर्ती महिलाओं के बारे में जानकारी ली। वार्डों में भर्ती प्रसूताओं से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछा। वार्ड 21 में प्रसूता ने दर्द होने पर इंजेक्शन न लगाए जाने की शिकायत की। इस पर आयोग की सदस्य ने नर्स से तत्काल इंजेक्शन लगाने ंके लिए कहा। वार्डों में मरीजों के बेडों पर तीमारदारों के बैठे होने और गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। सीएमएस डॉ अमिताभ कुमार को अस्पताल की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
वन स्टॉप सेंटर में समस्याएं बताएं महिलाएं
राज्य महिला आयोग की सदस्य रंजना शुक्ला ने शुक्रवार को डाक बंगले में पीड़ित महिलाओं की फरियाद सुनीं। उन्हें हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। कहा कि सूबे की सरकार महिला उत्पीड़न की शिकायतों पर गंभीर है। पीड़ित महिलाओं से एक छत के नीचे न्याय मिलने की बात कही। बताया कि इसके लिए वन स्टॉप सेंटर संचालित है। यहां महिलाएं शिकायत लेकर आएं। इस मौके पर प्रशिक्षु़ सीओ शिल्पा कुमारी व महिला थाने में तैनात दरोगा रामसुखारी मौजूद रहीं। (संवाद)