हरदोई। मानक विहीन शौचालय निर्माण पर डीएम ने तत्काल प्रभाव से प्रेरक को हटाने और सचिव को निलंबित कर ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी पुलकित खरे ने शनिवार को ब्लाक संडीला के ग्राम तिलोईयां खुर्द में बन रहे सामुदायिक शौचालय और गांव में वर्ष 2019-20 के चयनित लाभार्थियों के निर्माणाधीन शौचालयों का निरीक्षण किया। डीएम ने गांव में 80 शौचालयों के सापेक्ष 23 के मानकविहीन होने पर नाराजगी जताई। खंड विकास अधिकारी संडीला सुधीर कुमार को प्रेरक, सचिव पर कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत मीतों में संचालित निराश्रित पशु आश्रय स्थल के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने आंधी के दौरान गिरी गोशाला की टिन शेड, चहारदिवारी तीन दिन में ठीक कराने के निर्देश ग्राम प्रधान एवं सेक्रेटरी को दिए। कहा कि निराश्रित पशुओं के लिए हरा चारा और भूसा की पर्याप्त व्यवस्था रखें। उन्होंने ग्राम प्रधान एवं सचिव से कहा कि गोशाला के किनारे पौधरोपण कराएं। टैग लगे गोवंश के गोशाला से बाहर घूमते मिलने पर संबंधित सचिव एवं अन्य कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी संडीला मनोज कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।