जिला महिला चिकित्सालय में अभिलेख देखतीं प्रमुख सचिव डिंपल वर्मा। अमर उजाला
- फोटो : HARDOI
हरदोई/संडीला। युवा कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव डिंपल वर्मा ने शुक्रवार दोपहर तहसील के मुन्नुखेड़ा गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने हरदोई पहुंचकर जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रमुख सचिव ने स्कूल पहुंचकर बच्चों का शैक्षिक स्तर जांचा और बच्चों व अभिभावकों से शिक्षकों के स्कूल आने व जाने के समय के बारे में जानकारी ली। मिड-डे मील मेन्यू के तहत तहरी बनती मिली। उन्होंने बच्चों के साथ तहरी खाकर गुणवत्ता जांची। रसोइयों से बात कर उनके मानदेय के बारे में जानकारी ली और खाना बनाते वक्त उन्हें सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। एएसपी पूर्वी ज्ञानजंय सिंह से महिलाओं संबंधी अपराधों के बारे में जानकारी ली।
कहा कि कभी किसी तरह की परेशानी होने पर पुलिस से संपर्क करें। यहां एसडीएम मनोज कुमार श्रीवास्तव, बीएसए हेमंत राव व कोतवाल जगदीश यादव आदि मौजूद रहे। इसके बाद प्रमुख सचिव ने हरदोई शहर स्थित जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल में रखे छह माह पुराने अभिलेखों समेत अन्य उपकरणों का रखरखाव देखा। लेवर रूम व वार्ड का निरीक्षण किया। सबकुछ ठीकठाक मिला। यहां सीएमएस डॉ. रवींद्र सिंह समेत स्टॉफ मौजूद रहा।