ग्राम पंचायत मानपारा में ग्रामीणों से विकास कार्यों की जानकारी लेते नेशनल लेबिल मॉनीटरिंग टीम के सदस्य एसएस पवार।
- फोटो : अमर उजाला
भारत सरकार की नेशनल लेबिल मॉनीटरिंग टीम ने रविवार को विकास कार्यों की हकीकत परखी। टीम ने आवास, शौचालय व मनरेगा कार्यों में गड़बड़ी पर सचिव व ग्राम प्रधान को कड़ी फटकार लगाई। ग्रामीणों से विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। पेंशन के लाभार्थियों से भी बात की।
भारत सरकार की नेशनल लेवल मॉनीटरिंग टीम के सदस्य एसएस पवार दोपहर में भरखनी ब्लॉक की ग्राम पंचायत मानपारा पहुंचे। यहां 70 आवासों में सिर्फ दो आवास बनते मिले। उन्होंने प्रधान व सचिव को फटकार लगाई और आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। टीम ने चांदपुर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों को देखा। गड़बड़ी पाए जाने पर उन्होंने प्रधान से नाराजगी जताई। उन्होंने सांसद अंशुल वर्मा के गोद लिए गांव मुंडेर का जायजा लिया। सभी योजनाओं के अभिलेख देखे। योजनाओं के क्रियान्वयन को बेहतर ढंग से लागू किए जाने पर जोर दिया। ग्रामीणों से भारत सरकार की योजनाआें के बारे में बात की। इसके बाद वह चकौतीकला पहुंचे और गांव में पेयजल, आवास, मनरेगा के अलावा राज्य वित्त व 14वें वित्त के तहत कराए गए कार्यों की जानकारी ली। वह रिपोर्ट भारत सरकार को सौंपेंगे। टीम के साथ डीसी मनरेगा आरपी भगत भी मौजूद थे। डीसी मनरेगा ने बताया कि टीम बिलग्राम, पिहानी व बावन के गांवों का भी निरीक्षण करेगी।