शाहाबाद कोतवाली क्षेत्रअंतर्गत कस्बे के बजरिया मोड़ पर साइकिल सवार दुकानदार को ट्रैक्टर ने रौंद दिया। घटना से नाराज लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पीटकर जमकर हंगामा किया। भीड़ ने बजरिया में जाम लगा दिया। पुलिस ने स्थिति संभाली। मृतक के चाचा रामगोपाल की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शाहाबाद कस्बे के बजरिया निवासी रामकिशोर (46) पुत्र मंगली प्रसाद की घंटाघर के पास शृंगार के सामान की दुकान है। शुक्रवार दोपहर वह साइकिल से खाना खाने घर जा रहे थे। बजरिया मोड़ पर पाली की ओर से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में रामकिशोर गिर पड़े और ट्रैक्टर का पिछला पहिया उनके ऊपर से निकल गया। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। भीड़ ने ट्रैक्टर चालक लखीमपुर जनपद के पसिगवां थाना क्षेत्र के ग्राम भौनापुर निवासी लालजीत पुत्र लक्ष्मण की पिटाई कर दी। पुलिस के आधे घंटे तक न पहुंचने पर लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने केरोसिन ट्रैक्टर पर छिड़क दिया। तब तक वहां क्षेत्रीय सभासद आशीष अवस्थी सोनू पहुंच गए और लोगों को समझाया। लोगों ने बजरिया रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रैक्टर समेत चालक को कब्जे में ले लिया है।