हरदोई। शहर में रखरखाव अभियान के चलते बुधवार को कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली लाइनों पर मरम्मत कार्य और पुराने ट्रांसफार्मर को बदलने के कारण मन्नापुरवा और आशानगर उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बिजली वितरण निगम की ओर से उपकेंद्र मन्नापुरवा क्षेत्र में बुधवार को बिजली लाइन के पास के पेड़ काटने के कारण आपूर्ति बंद रही। उपकेंद्र का देहात फीडर सुबह साढ़े आठ से 10 बजे तक बंद रहा। इसके उपरांत उपकेंद्र का टाउन प्रथम फीडर शाम को चार बजे तकनीकी कारणों से बंद हो गया जो सवा पांच बजे शुरू हो सका। इससे उपकेंद्र से जुड़े सात हजार उपभोक्ता बिजली न मिलने से परेशान हुए।
वहीं आशानगर उपकेंद्र के मोहल्ला प्रगतिनगर में कोयलबाग कॉलोनी फीडर से जुड़े क्षेत्र में 400 केवीए के ट्रांसफार्मर के बदलने का कार्य किया गया। इससे पौने तीन बजे से डेढ़ घंटे तक बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई। बिजली न आने से 500 उपभोक्ता प्रभावित हुए। वहीं एआरटीओ उपकेंद्र बुधवार सुबह पौने छह बजे मेन लाइन की आपूर्ति बंद होने से सवा घंटा तक बंद रहा। इससे उपकेंद्र से जुड़े छह हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए। सुबह बिजली गायब होने से उनको पेयजल के लिए भी परेशान होना पड़ा। उपखंड अधिकारी प्रेम राज ने बताया कि बिजली लाइन पर काम करने के कारण आपूर्ति बंद की गई थी जिसे शुरू करा दिया गया है।