हरदोई। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा लेकर सोमवार को यहां भाजपा कार्यालय पहुंचे। जन आशीर्वाद यात्रा का भाजपाइयों ने भव्य स्वागत किया। पार्टी कार्यालय में मनाई जा रही भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्य तिथि पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अटल जी का तप है जो भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी है। वर्ष 2015 और 2019 के प्रचंड बहुमत ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत के विकास की गाथा लिखने को एक ताकत दी।
उन्होंने कहा कि कोविड में जहां विश्व में हाहाकार मचा था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत इस विकराल महामारी से मजबूती से लड़ सका। आज एक नए भारत का निर्माण हो रहा है। निष्क्रिय पड़े कानूनों को रद्द किया गया। ओबीसी कानून में संशोधन कर राज्यों को पिछड़े समुदाय को उनका हक दिलाया जा रहा है।
जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्र ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनैतिक दल है जो कार्यकर्ताओं के पसीने का हक देती है। राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक बाजपेई ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश की सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य कर रही हैं। यात्रा यहां के समारोह के बाद नैमिषारण्य के लिए रवाना हो गई।
इस दौरान सदर सांसद जय प्रकाश रावत, मिश्रिख सांसद अशोक रावत, विधायक रजनी तिवारी, विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, विधायक राजकुमार अग्रवाल, विधायक रामपाल वर्मा, विधायक आशीष सिंह आशू, लखीमपुर के विधायक योगेश वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, क्षेत्रीय महामंत्री पीके वर्मा, जिला संयोजक जन आशीर्वाद यात्रा अनुराग मिश्र आदि मौजूद रहे।