संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। आर्य कन्या पाठशाला इंटर कालेज में गुरुवार को शिक्षण कार्य के दौरान कक्षा कक्ष की छत का प्लास्टर टूट कर गिर पड़ा। इससे कक्षा में बैठी एक छात्रा घायल हो गई। घटना से छात्राओं में भगदड़ मच गई। विद्यालय प्रशासन ने छात्रा का प्राथमिक उपचार कराने के बाद घर भेज दिया।
आर्य कन्या पाठशाला इंटर कालेज में गुरुवार को कक्षाएं चल रही थी। विद्यालय में कक्षा 10 का पीरयड बदलने पर अध्यापिका निकलीं। इसके साथ ही कुछ छात्राएं भी पानी पीने के लिए निकल गईं। कुछ छात्राएं कक्ष में मौजूद थीं। इसी बीच छत का प्लास्टर टूटकर गिर पड़ा। इससे कक्ष में बैठी नेहा पुत्री राम शंकर निवासी कौढ़ा के सिर पर मलबा गिरने से वह घायल हो गई।
छात्राओं में भगदड़ मच गई। घटना की जानकारी पर शिक्षिकाएं और प्रधानाचार्य मधु अस्थाना कक्षा में पहुंचीं और छात्रा को इलाज के लिए निजी चिकित्सक के पास भेजा। छात्रा का प्राथमिक उपचार करने के बाद प्रधानाचार्य ने अभिभावक को बुलाकर छात्रा को घर भेज दिया। प्रधानाचार्य मधु अस्थाना ने बताया कि पुरानी इमारत में कक्षा चल रही थी। बारिश के कारण मरम्मत कार्य नहीं हो पाया था। ऐसे सभी कक्षों को बंद करा दिया गया है। घटना में अन्य कोई छात्रा घायल नहीं हुई है।