पिहानी। आईटीआई के छतैया रोड स्थित भवन में साल 2020-21 प्रशिक्षण सत्र की कक्षाएं चलाई जाएंगी। इसकी छात्र काफी समय से मांग कर रहे थे।
पिहानी में छतैयां मार्ग पर आईटीआई भवन बनने के बाद सात साल से अब तक कक्षाओं का संचालन शुरू नहीं कराया जा सका था। जिसके चलते आईटीआई में प्रवेश लेने वाले छात्रों को हरदोई जाकर कक्षाएं ज्वाइन करनी पड़ रही थीं। छात्र लगातार यहां भवन में कक्षाएं शुरू कराए जाने की मांग कर रहे थे। शुक्रवार को आईटीआई हरदोई व पिहानी के प्रधानाचार्य आरएस यादव ने छात्रों व राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पिहानी के कार्मिकों को इसकी जानकारी दी। बताया कि आगामी प्रशिक्षण सत्र 2020-21 की कक्षाएं पिहानी संस्थान के निजी भवन में संचालित किया जाना प्रस्तावित है। छात्र राजवीर गौतम, रामगोपाल, रंजीत कुमार, शिवम कुमार अग्निहोत्री, मोहम्मद हारून रशीद व अनुपम कुमार आदि ने अधिकारियों का आभार जताया है।
छात्रों की कक्षाएं अब आईटीआई के पिहानी छतैयां रोड पर स्थित भवन में लगेंगीं। वर्तमान समय में स्कूल व प्रशिक्षण संस्थान बंद हैं, इनके खुलने के आदेश होने पर पिहानी आईटीआई में प्रशिक्षण कक्षाओं का नियमित संचालन शुरू कराया जाएगा। बताया कि इसको लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
आरएस यादव
प्रधानाचार्य, आईटीआई, पिहानी
- छात्र आयुष मिश्रा ने कहा कि कस्बा स्थित भवन में कक्षाओं का शुरू होना सुखद खबर है। अब छात्रों को कक्षाओं के लिए 27 किमी दूर हरदोई का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
- छात्र मुकेश कुमार ने कहा कि छात्रों को कक्षा में शामिल होने के बाद बस व निजी संसाधनों से हरदोई जाना पड़ता था। इसमें धन व समय, दोनों की बर्बादी होती थी। यहां भवन में कक्षाएं शुरू होंगी तो छात्रा पहले से ज्यादा मनोयोग से पढ़ाई कर सकेंगे।
- छात्र मनोज कुमार ने बताया कि 27 किमी का सफर तय कर हरदोई तक जाना और वापस आना, यह नियमित कर पाना काफी मुश्किल था। इस लिए अक्सर छात्रों की क्लॉस छूट जाया करती थी। लंबे समय से छात्र इसकी मांग कर रहे थे, प्रबंधन के फैसले से छात्र लाभांवित होंगे।
- छात्र मोहम्मद जुल्फिकार ने कहा कि हरदोई तक दूरी तय कर के कक्षा में शामिल होना और वापस आना, दिन का अधिकांश समय इसी में निकल जाता था। यहां कक्षाएं शुरू होने पर समय की बचत होगी, इससे छात्रों को पढ़ाई व प्रशिक्षण में आसानी होगी।